मनियारपुर में खड़ंजा मरम्मत की मांग, ADO पंचायत को सौंपा गया मांगपत्र

मनियारपुर, सकलडीहा (चंदौली):
ग्राम सभा मनियारपुर के ग्रामीण प्रतिनिधियों ने आज ADO पंचायत को गाँव के मुख्य खड़ंजा मार्ग की दयनीय स्थिति को लेकर एक मांगपत्र सौंपा। इस मांगपत्र को समाजसेवी रोहित तिवारी, शैलेश मिश्र और मोनू पाठक ने संयुक्त रूप से ADO पंचायत को सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि मनियारपुर के इस मार्ग पर खड़ंजा बिछा होने के बावजूद अब ईंटें उखड़ चुकी हैं, जगह–जगह गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण आमजन और छात्रों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। बरसात के मौसम में समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
सचिव की सराहनीय भूमिका
मांगपत्र सौंपने के दौरान ग्राम पंचायत के सचिव की कार्यप्रणाली की भी प्रशंसा की गई। ग्रामीणों ने बताया कि सचिव गांव के विकास कार्यों में अब तक सकारात्मक, सहयोगी और संवेदनशील भूमिका निभाते रहे हैं। सचिव ने आश्वासन दिया कि खड़ंजा मरम्मत के लिए आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर संबंधित विभाग को भेजा जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने जताई उम्मीद
समाजसेवी रोहित तिवारी, एवं ग्रामीण प्रतिनिधि शैलेश मिश्र और मोनू पाठक ने कहा कि ADO पंचायत के हस्तक्षेप के बाद जल्द ही खड़ंजा का पुनर्निर्माण/मरम्मत होने की उम्मीद है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।



