
चंदौली
जायद सीजन में मक्का की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को हाइब्रिड मक्का बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत राजकीय कृषि बीज भंडारों पर यह बीज उपलब्ध कराया गया है, जहां से किसान इसका लाभ उठा सकते हैं।
राजकीय कृषि बीज भंडारों पर HQPM-5 प्रजाति का हाइब्रिड मक्का बीज उपलब्ध है, जिसका विक्रय मूल्य 285 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित है। किसानों को इस पर 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। वर्तमान समय जायद मक्का की बुवाई के लिए उपयुक्त माना जा रहा है, ऐसे में किसान इस योजना का लाभ लेकर अपनी खेती की लागत कम कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि जायद सीजन में मक्का की खेती करने वाले किसान अपने विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर अनुदानित दर पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। बीज का वितरण “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बीज खरीदते समय किसानों को पूरा मूल्य जमा करना होगा, जिसके बाद अनुदान की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भेज दी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज साथ लाना होगा।



