09.12.2025, मंगलवार
पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में रेल अवसंरचना एवं क्षमता विस्तार के तहत सोननगर–सिगसिगी खंड में बनी 90 किमी लंबी तीसरी रेल लाइन पर 20.08.2025 से परिचालन जारी है। नवनिर्मित तीसरी लाइन के साथ पूरा रेलखंड आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से लैस किया गया है, जिससे संरक्षा और गति दोनों में वृद्धि हुई है। मालगाड़ियों की आवाजाही तेज हुई है तथा यात्री गाड़ियों की समयबद्धता भी बेहतर हुई है। यह लाइन सोननगर–पतरातू तृतीय रेल लाइन परियोजना का हिस्सा है, जो कोयला आपूर्ति को सुचारू रखने में महत्वपूर्ण है।
डीडीयू से सोननगर तक पहले से तिहरी लाइन है, जिससे डीडीयू—सोननगर—सिगसिगी तक लगभग 200 किमी लंबा रेल नेटवर्क उच्च क्षमता वाला हो गया है। संरक्षा और सुचारू संचालन के लिए इस खंड पर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग भी प्रस्तावित है। वर्तमान में ग्रैंड कॉर्ड पर बघोईकुशा–सासाराम 47 किमी और डीडीयू फ्लाईओवर केबिन–धनेछा 34 किमी, कुल 81 किमी क्षेत्र में यह प्रणाली कार्यरत है। शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है।
इस खंड के स्टेशनों पर भी यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफार्म ऊँचाई, लाइट, शेड, बैठने की व्यवस्था, यूरिनल एवं वाटर बूथ आदि विकसित किए गए हैं। मोहम्मदगंज स्टेशन पर प्लेटफार्म 4/5 की लंबाई बढ़ाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का कार्य भी प्रस्तावित है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।



