गांव में आधुनिक राशन मॉडल शॉप: मनरेगा से बन रहे अन्नपूर्णा भवन
लखनऊ
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत प्रदेश के गांवों में अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इन भवनों का उपयोग खाद्यान भंडारण के साथ-साथ उचित दर की दुकानों के संचालन के लिए भी किया जाएगा।
मनरेगा योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में सरकारी जमीन पर खाद्यान भंडारण संरचना (अन्नपूर्णा भवन) का निर्माण कार्य निरंतर जारी है। इन भवनों में एक हॉल, एक प्रतीक्षालय तथा जनसेवा केंद्र संचालन की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तहत राशन मॉडल शॉप के रूप में अन्नपूर्णा भवन विकसित किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक प्रदेश में 4,811 से अधिक निर्माण कार्य प्रारंभ कराए जा चुके हैं, जबकि 900 से अधिक अन्नपूर्णा भवन बनकर तैयार भी हो चुके हैं।
पहले कई स्थानों पर उचित दर की दुकानें संकरी गलियों में होने के कारण खाद्यान वाहनों और आम लोगों को दुकान तक पहुंचने में कठिनाई होती थी। अब ग्राम सभाओं में अन्नपूर्णा भवन बनने से खाद्यान वाहनों की आवाजाही और आम जनमानस की पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही उचित दर दुकानों की व्यवहार्यता बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


