
चंदौली, 12 मार्च
जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। अफवाह फैलाने वालों, जमाखोरी करने वालों तथा गैस की कालाबाजारी करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तेल कंपनियों के प्रबंधकों व एलपीजी गैस वितरकों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम तथा इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने बताया कि जिले में गैस की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है और सभी वितरकों को मांग के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपस्थित गैस वितरकों ने भी इसकी पुष्टि की।
जिलाधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर सोशल मीडिया पर गैस की संभावित कमी संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिससे लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति बन रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त गैस सिलेंडर की बुकिंग या घरों में भंडारण न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अवैध भंडारण या कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को एलपीजी गोदामों और वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


