
चंदौली,
गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को थाना कन्दवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मु0अ0सं0 85/2025 धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद में वांछित अभियुक्तों, वारंटियों व अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थाना कन्दवा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अभियुक्त को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त हाकिम सोनकर पुत्र पप्पू सोनकर निवासी महुलिया थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर है। उसे 15 फरवरी 2026 को शाम करीब 5:10 बजे ग्राम अमड़ा के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गोवध जैसे संवेदनशील मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



