डीडीयू मंडल में अंतर मंडलीय क्रिकेट का आगाज, सोनपुर में 47 रन से दर्ज की दमदार जीत

डीडीयू
चन्दौली, पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल द्वारा पूर्व मध्य रेल की अंतर मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को यूरोपियन कॉलोनी स्थित मंडलीय रेलवे क्रीड़ा संकुल (बाकले ग्राउंड) में किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मंडल क्रीड़ा अधिकारी सह वरीय मंडल विद्युत इंजीनियर श्री सुनील सिंह यादव सहित विभिन्न शाखाधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। मंडल क्रीड़ा संघ, डीडीयू मंडल की देखरेख में आयोजित यह प्रतियोगिता 16 से 22 फरवरी 2026 तक चलेगी, जिसमें पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों की टीमें भाग ले रही हैं।
उद्घाटन मुकाबला सोनपुर मंडल और समस्तीपुर मंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सोनपुर मंडल ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में समस्तीपुर मंडल की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 128 रन ही बना सकी।
सोनपुर मंडल ने 47 रन से प्रभावशाली जीत दर्ज की। सोनपुर के विकास रंजन ने शानदार 83 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।


