
चन्दौली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उ०प्र० प्रयागराज की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा बुधवार 18 फरवरी 2026 से जनपद में प्रारम्भ हो गई। पहले दिन दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुई।
प्रथम पाली में हाईस्कूल हिन्दी विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 31,715 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 29,429 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 2,286 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की हिन्दी एवं सामान्य हिन्दी की परीक्षा सम्पन्न हुई, जिसमें कुल 32,040 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 30,636 उपस्थित एवं 1,404 अनुपस्थित रहे।
जनपद के 82 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए 05 सचल दलों द्वारा विभिन्न केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। परीक्षा संपादन हेतु 1,735 अध्यापक तथा कुल 2,165 कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में बोर्ड परीक्षा पूरी पारदर्शिता और कड़ी निगरानी में कराई जा रही है तथा आगे भी इसी प्रकार शुचिता के साथ परीक्षाएं सम्पन्न कराई जाएंगी।


