रेलवे क्वार्टर में पीएनजी की सौगात, 4000 आवासों में मिलेगी पॉइंट गैस

डीडीयू मंडल और गेल गैस लिमिटेड के बीच 18 मार्च 2026 को हुए महत्वपूर्ण समझौते के बाद रेलवे कॉलोनियों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) आपूर्ति का रास्ता साफ हो गया है। इस योजना के तहत पं. दीन दयाल उपाध्याय नगर के लगभग 4000 रेलवे आवासों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे रेलवे कर्मचारियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक ईंधन मिल सकेगा।
इसके साथ ही सभी रनिंग रूम, डीडीयू जंक्शन पर कार्यरत वेंडरों और रेलवे वर्कशॉप में भी इस सुविधा का लाभ दिया जाएगा, जिससे कार्य में सुरक्षा और दक्षता बढ़ेगी। अधिकारियों के अनुसार पीएनजी कनेक्शन से रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी और यह पारंपरिक ईंधनों की तुलना में अधिक किफायती व पर्यावरण के अनुकूल साबित होगा।
गेल गैस के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रेलवे कर्मचारियों से पीएनजी कनेक्शन के लिए कोई रजिस्ट्रेशन शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीं परियोजना का पहला चरण जून माह के दूसरे सप्ताह तक शुरू होने की संभावना है, जिससे रेलवे कॉलोनियों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा और बड़ी संख्या में परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।


