पीडीडीयू नगरवाराणसी समाचारशिक्षा

यूकेजी ग्रेजुएशन सेरेमनी में नन्हे बच्चों का दमदार प्रदर्शन, ‘एम्ब्रेस- द पैसेज अहेड’ का भव्य आयोजन

नगर के जयपुरिया स्कूल, पड़ाव शाखा में यूकेजी के बच्चों का दीक्षांत समारोह ‘एम्ब्रेस – द पैसेज अहेड’ विद्यालय के सभागार ‘श्री संगम’ में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात प्राइमरी विंग की नन्हीं प्रतिभाओं ने ‘देव्यापराध क्षमापना स्तोत्र’ का सुमधुर प्रस्तुतीकरण किया। प्राचार्य बिनोद कुमार दास ने अतिथियों का स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किया तथा बोर्ड मेंबर आशीष सक्सेना ने अभिभावकों को संबोधित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अगले शैक्षिक पड़ाव के लिए तैयार करना और आत्मविश्वास से परिपूर्ण बनाना रहा। इस अवसर पर नन्हें छात्रों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कक्षा 1 व 2 की छात्राओं द्वारा गणेश वंदना, वहीं नर्सरी, एलकेजी व यूकेजी के बच्चों ने ‘एम्ब्रेस – द पैसेज अहेड’ थीम पर छैयां-छैयां डांस, पैरेंट्स लव डांस, सिबलिंग्स डांस व सॉफ्ट टॉय लव डांस की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

इस दौरान यूकेजी के विद्यार्थियों को कन्वोकेशन ड्रेस में सर्टिफिकेट, बाय-बाय कार्ड व टोकन ऑफ लव देकर सम्मानित किया गया तथा सामूहिक फोटोग्राफी भी कराई गई। नन्हें ग्रेजुएट्स ने अपने तीन वर्षों के अनुभव कविताओं, भाषणों व प्रश्नोत्तरी के माध्यम से साझा कर सभी को भावुक कर दिया। प्रतिभाशाली बच्चों को विशिष्ट श्रेणी पुरस्कार व सर्वोच्च उपस्थिति अवार्ड से सम्मानित किया गया, वहीं सहयोगी अभिभावकों को ‘टॉर्च बेयरिंग पेरेंट्स’ के रूप में सम्मान मिला। कक्षा 1 से 5 के चयनित विद्यार्थियों को ‘अरडेंट रीडर अवार्ड’ भी प्रदान किया गया।

प्रबंध निदेशक मनोज बजाज ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्राथमिक स्तर पर ही सृजनात्मकता और नवाचार की नींव रखी जाती है, जिसमें शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने कहा कि बच्चे अब औपचारिक शिक्षा की मजबूत नींव पार कर आगे बढ़ रहे हैं और अभिभावकों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था।

कार्यक्रम का संचालन सिमृत कौर व छात्राओं अलिशबा मेराज व जिनिशा श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संयोजिका शाजिया बदर ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं की गरिमामय उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button