फसल नुकसान सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले लेखपालों पर होगी कार्यवाही: जिलाधिकारी

19 नवम्बर 2025
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कृषि विज्ञान केंद्र सभागार में किसान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। बैठक की शुरुआत में पिछली बैठक की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पाया कि कुछ मामलों का निस्तारण अब भी लंबित है। इस पर उन्होंने सभी अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देशित किया कि अधिकारी स्तर पर निस्तारित होने वाली शिकायतों को प्राथमिकता से हल किया जाए और किसान दिवस में प्राप्त समस्याओं की निस्तारण आख्या समय से उपलब्ध कराई जाए।
किसानों द्वारा उठाए गए मुद्दों में माइनरों के मिट्टी से पट जाने, नहरों पर बने जर्जर पुलों के मरम्मत, डीएपी खाद की कमी तथा फसल नुकसान के सत्यापन में लेखपालों की लापरवाही प्रमुख रहे। फसल नुकसान सत्यापन में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने तत्काल उप जिलाधिकारी से फोन पर बात कर निर्देश दिए कि जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा मेहनती और सक्षम कर्मियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
डीएपी खाद की कमी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए किसी भी किसान को परेशानी न होने दी जाए। उन्होंने कहा कि किसान बंधुओं की छोटी-छोटी समस्याएं विभागीय स्तर पर ही निस्तारित होनी चाहिए, मेरे स्तर तक वे बातें न आएं। बड़ी समस्याओं को संज्ञान में लाते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि सभी किसान भाई अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री अवश्य करा लें ताकि किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। बैठक में उपस्थित न रहने पर डिप्टी आरएमओ के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत सांई, उप निदेशक कृषि भीम सेन, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, चंद्रप्रभा, बंधी डिवीजन, नलकूप व एई सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


