चन्दौली, 18 दिसम्बर 2025
जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी श्री चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपदीय पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 02 आदतन, पेशेवर एवं मनबढ़ अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही करते हुए उन्हें 06 माह के लिए जनपद की भौगोलिक सीमा से निष्कासित किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिस पर पुलिस की सतत निगरानी बनी हुई है।
थाना बलुआ क्षेत्र के अभियुक्त हर्ष सिंह उर्फ गोलू पुत्र भोला सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम लक्ष्मणगढ़ के विरुद्ध मारपीट एवं अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज अभियोगों तथा बीट सूचना रिपोर्ट के आधार पर जिला बदर की कार्रवाई की गई है। वहीं थाना सकलडीहा क्षेत्र के अभियुक्त छोटू उर्फ लवकुश सेठ पुत्र रामू सेठ, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी ग्राम टिमिलपुर के विरुद्ध चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आयुध अधिनियम सहित कई मामलों में संलिप्तता पाए जाने पर जिला बदर किया गया है।
विदित हो की जनपदीय पुलिस द्वारा वर्ष 2024 एवं 2025 (अब तक) में भिन्न-भिन्न अपराधों में संलिप्त कुल 554 अपराधियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। वर्ष 2025 (जनवरी से अब तक) में 291 अभियुक्तों तथा वर्ष 2024 में 263 अभियुक्तों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई। इसमें हत्या, लूट-डकैती, गोवंश तस्करी, मादक पदार्थ तस्करी, छेड़छाड़/पाक्सो, बलात्कार, अपहरण, चोरी-नकबजनी, मारपीट-रंगदारी सहित अन्य अपराध सम्मिलित हैं।
माह दिसम्बर 2025 में 05 प्रकार के अपराधों से संबंधित कुल 07 अभियुक्तों के विरुद्ध गुंडा एक्ट की कार्रवाई हेतु रिपोर्ट प्रेषित की गई है, जिनमें लूट, धोखाधड़ी/मारपीट, गोवंश तस्करी, अपहरण एवं छेड़खानी के मामले शामिल हैं।
जनपदीय पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



