तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर: छात्र की मौत छात्रा गंभीर

पीडीडीयू नगर। थाना क्षेत्र के मवई कला स्थित रिंग रोड अंडरपास के समीप गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रैना निवासी सीआरपीएफ जवान दीरज तिवारी के 14 वर्षीय पुत्र दिव्यांश तिवारी एवं 12 वर्षीय पुत्री वैष्णवी सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल, हिनौली में अध्ययनरत थे। गुरुवार को स्कूल से छुट्टी के बाद दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रिंग रोड अंडरपास के समीप पहुंचे, वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो (BR45 P 5327) ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दिव्यांश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो भी अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



