डीडीयू नगर के कैलाशपुरी में अवैध हड्डी अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग मौन

चंदौली जनपद के डीडीयू नगर स्थित कैलाशपुरी क्षेत्र में बिना मानक और अनुमति के एक हड्डी अस्पताल संचालित होने का मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार यह संस्थान क्लीनिक के नाम पर पंजीकृत है, लेकिन यहां मरीजों को भर्ती करने से लेकर ऑपरेशन तक की गतिविधियां खुलेआम की जा रही हैं।
अत्यंत संकरी और अव्यवस्थित जगह में चल रहे इस अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा पूरी तरह से नजरअंदाज की जा रही है। स्ट्रेचर के सहारे मरीजों को ऊपर ले जाने जैसी जोखिम भरी व्यवस्था हर समय बड़े हादसे की आशंका पैदा करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि आपात स्थिति में इस तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
मामले के सामने आने और लगातार उठ रही शिकायतों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की मौन सहमति के चलते ही यह अवैध अस्पताल बेखौफ संचालित हो रहा है।
अब निगाहें जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर टिकी हैं कि क्या वे इस गंभीर मामले में संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करते हैं या फिर मरीजों की सुरक्षा को यूं ही नजरअंदाज किया जाता रहेगा।


