मनियारपुर ग्राम सभा के तालाब की मछलियों की होगी लाखों की नीलामी, 6 फरवरी को लगेगी बोली-

चंदौली – जनपद की ग्राम सभा मनियारपुर में स्थित विशाल तालाब की मछलियों की नीलामी 6 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को आयोजित की जाएगी। नीलामी को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार तालाब में मौजूद मछलियों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह

तालाब गाटा संख्या 271 ख एवं 148 में दर्ज है, जिसका कुल रकबा 2.603 हेक्टेयर है। लगभग 2 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस तालाब में बड़ी मात्रा में मछलियाँ मौजूद हैं। नीलामी केवल मछलियों की होगी, तालाब की भूमि नीलामी में शामिल नहीं रहेगी।
मछली नीलामी का आयोजन पंचायत भवन मनियारपुर में किया जाएगा, जहाँ सुबह 11 बजे से बोली की प्रक्रिया शुरू होगी। इस नीलामी में चंदौली जनपद के किसी भी क्षेत्र से इच्छुक व्यक्ति भाग ले सकते हैं। सभी प्रतिभागी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर बोली लगा सकते हैं।
नीलामी की पूरी प्रक्रिया एडीओ पंचायत सकलडीहा, ग्राम पंचायत सचिव विनय कुमार एवं लेखपाल मनियारपुर अमृता जी के नेतृत्व में पूर्णतः पारदर्शी एवं प्रशासनिक निगरानी में संपन्न कराई जाएगी। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
ग्रामीणों का मानना है कि लंबे समय से तालाब में मछलियों का संरक्षण होने के कारण इस बार नीलामी में रिकॉर्ड बोली लगने की पूरी संभावना है। नीलामी से प्राप्त राजस्व का उपयोग ग्राम सभा के विकास कार्यों में किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी इच्छुक बोलीदाताओं से अपील की है कि वे समय से पहुँचकर नीलामी में भाग लें और निर्धारित नियमों का पालन करें।



