चंदौलीप्रशासनिक

होली रमजान पर सख्त निगरानी, पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी, जनपद भर में पीस कमेटी सक्रिय

जनपद चन्दौली

चन्दौली। आगामी होलिका दहन, होली एवं रमजान पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में रविवार को जनपद के समस्त थानों पर ‘पीस कमेटी’ की बैठकों का आयोजन किया गया।

थाना मुगलसराय में क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरूण कुमार सिंह, थाना सैयदराजा में क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार तथा थाना चकिया व शहाबगंज में क्षेत्राधिकारी चकिया रघुराज की उपस्थिति में गोष्ठियां आयोजित की गईं। संबंधित थानाध्यक्षों व प्रभारी निरीक्षकों ने अपने-अपने थाना परिसरों में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, जनसेवा केंद्र/ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों, डीजे संचालकों, नगर पंचायत व विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ संवाद किया।

बैठक में सभी से त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने का स्पष्ट संदेश दिया गया। डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई।

जनसेवा केंद्र व ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों को बैंक लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा बड़ी रकम जमा कराने से पूर्व पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके। व्यापारियों से प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश देते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button