
चंदौली धानापुर विकासखंड के ग्राम सभा आवही में उचित दर विक्रेता राम अवतार द्वारा राशन वितरण में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। विगत चार माह से माननीय मुख्यमंत्री पोर्टल पर लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों के क्रम में 16 दिसंबर 2025 को पूर्ति निरीक्षक ममता सिंह द्वारा आपूर्ति सहायक नितिन कुशवाहा के साथ निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वितरण समय पर उचित दर दुकान बंद पाई गई।
मौके पर विक्रेता से संपर्क नहीं हो सका। उनके पुत्र श्रवण कुमार ने दूरभाष पर बुआ के इलाज में व्यस्त होने की जानकारी दी, जबकि कार्यालय में अवकाश संबंधी कोई लिखित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया था। इसके बाद दुकान को सील कर दिया गया।
उप जिलाधिकारी के निर्देश पर 18 दिसंबर 2025 को नायब तहसीलदार की उपस्थिति में सील खोलकर पुनः निरीक्षण किया गया, जिसमें दुकान में 40 कुंतल गेहूं एवं 60 कुंतल चावल कम पाया गया। इसके बाद ग्राम सभा के कार्डधारकों के बयान लिए गए, जिसमें कार्डधारकों ने बताया कि विक्रेता एक माह राशन देता है, दो माह नहीं देता और हर माह मशीन पर अंगूठा लगवा लेता है।
जिलाधिकारी से अनुमोदन प्राप्त होने के उपरांत थाना धीना में 100 कुंतल खाद्यान्न की कालाबाजारी एवं अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन के आरोप में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। साथ ही उचित दर दुकान का अनुबंध निलंबित कर दिया गया है।



