शराब माफिया बेखौफ, पुलिस- आबकारी की सुस्ती पर उठे सवाल, 13.950 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब संग युवक गिरफ्तार

चन्दौली में अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस और आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई के दावों के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। ताजा मामले में मुगलसराय क्षेत्र से 13.950 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिससे विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
गंजी प्रसाद तिराहा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान कृष्णा यादव पुत्र श्यामजीत यादव निवासी ग्राम डिहवा थाना अलीनगर जनपद चन्दौली, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से काले पिट्ठू बैग व बोरे में रखी 100 पाइपर व सिग्नेचर कम्पनी की कुल 13.950 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी मात्रा में अवैध शराब खुलेआम क्षेत्र में कैसे पहुंच जा रही है? क्या पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त निगरानी पर्याप्त नहीं है, या फिर तस्करों के हौसले किसी अंदरूनी ढिलाई से बुलंद हैं?
बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 87/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है, लेकिन लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से यह साफ है कि शराब माफिया पर प्रभावी और स्थायी अंकुश अब भी चुनौती बना हुआ है।



