चंदौलीप्रशासनिक

तीन माह का मिशन, सत- प्रतिशत लक्ष्य पर फोकस: चंदौली बनेगा मॉडर्न जनपद

चन्दौली– नीति आयोग भारत सरकार, नई दिल्ली के प्रतिनिधि शिवम मिश्रा द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह विशेष तीन माह का अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आकांक्षी जिलों एवं ब्लॉकों में निर्धारित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (KPI) का शत-प्रतिशत लक्ष्य (सेचुरेशन) प्राप्त करना है।

अभियान के तहत आकांक्षी ब्लॉकों में 6 प्रमुख संकेतकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिनमें आईसीडीएस के अंतर्गत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित पूरक पोषण, आंगनवाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों की माप दक्षता, सभी संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यात्मक शौचालय एवं शुद्ध पेयजल सुविधा, विद्यालयों में बालिकाओं हेतु पर्याप्त शौचालय तथा गोवंश का शत-प्रतिशत एफएमडी टीकाकरण सुनिश्चित करना शामिल है।

इसी प्रकार आकांक्षी जिलों के लिए 5 प्रमुख केपीआई निर्धारित किए गए हैं, जिनमें जन्म के समय बच्चों का शत-प्रतिशत वजन, अनुमानित मामलों के सापेक्ष टीबी अधिसूचना दर, ग्राम/शहरी स्तर पर स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस का आयोजन, कार्यात्मक बालिका शौचालयों वाले विद्यालयों का प्रतिशत तथा पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य शामिल है।

बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट, जनजागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन गतिविधियों पर विशेष बल दिया गया। प्रत्येक माह लक्ष्य प्राप्ति की प्रगति ट्रैक करने और जमीनी स्तर पर ठोस परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नीति आयोग प्रतिनिधि शिवम मिश्रा ने कहा कि जनपद स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रगति कर रहा है। अन्य सभी मानकों पर प्रभावी कार्य करते हुए चन्दौली को आकांक्षी जनपद की श्रेणी से बाहर निकालकर एक विकसित और मॉडर्न जनपद के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालयों की उपलब्धता, स्वच्छता एवं शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बच्चों में स्वच्छता संबंधी आदतों के विकास पर जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई. के. राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, डीपीओ आईसीडीएस राज कपूर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button