
चन्दौली। डिजिटल युग की चुनौतियों और स्मार्ट पुलिसिंग की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में तैनात 16 कम्प्यूटर ऑपरेटरों का 05 दिवसीय विशेष तकनीकी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण 23 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को आधुनिक तकनीकी चुनौतियों से निपटने के लिए सक्षम बनाना था। पांच दिवसीय सत्र में प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा, नेटवर्किंग की आधारभूत जानकारी तथा पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग और संभावनाओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साइबर अपराधों की रोकथाम, डिजिटल सुरक्षा मानकों और डेटा संचार की व्यावहारिक समझ पर विशेष जोर रहा।
प्रशिक्षण पूर्ण होने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी 16 कम्प्यूटर ऑपरेटरों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके समर्पण और सीखने की प्रतिबद्धता की सराहना की गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बदलते समय में अपराधियों के तरीके डिजिटल हो रहे हैं, ऐसे में पुलिस का तकनीकी रूप से अपडेट रहना अनिवार्य है। AI और साइबर सुरक्षा का ज्ञान विवेचना को अधिक प्रभावी बनाएगा तथा जनता को त्वरित और बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।



