
चंदौली। एनएच-2 हाईवे पर सैयदराजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वध के लिए ले जाए जा रहे 37 गोवंशों के साथ 6 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तीन पिकअप वाहन बैरियर तोड़ते हुए पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गए, जिसके बाद घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया गया।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जमनियाँ तिराहे के पास काले शाहबाबा मजार से आगे एनएच-2 की उत्तरी लेन पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे तीन पिकअप वाहनों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहनों को तेज रफ्तार से भगाते हुए पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास करने लगे। बैरियर से टकराने के बाद तीनों वाहन आपस में भिड़कर रुक गए।
पुलिस ने तीनों वाहनों की तलाशी ली तो कुल 37 गोवंश (एक मृत) बरामद हुए। साथ ही तीन चापड़ और छह मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि गोवंशों को वध के लिए ले जाया जा रहा था और चापड़ उसी उद्देश्य से रखे गए थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस्तयाक, महमूद, नीरज, अंकित, अर्जुन और मुगले आजम निवासी जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ सैयदराजा थाने में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, बीएनएस व आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


