
चंदौली
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, सुरक्षा उपायों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधारात्मक कार्य शुरू किया जाए। इन स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और स्ट्रीट लाइट जैसे आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने अवैध कट बंद कराने तथा जहां अधिक संख्या में लोग पैदल सड़क पार करते हैं, वहां फुटओवर ब्रिज निर्माण के लिए स्थानों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को सख्ती से लागू कराया जाए। उन्होंने शीघ्र ही जनपद के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर बिना हेलमेट दोपहिया चालकों को पेट्रोल न देने तथा सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच कराने को कहा और निर्देश दिया कि सभी मानकों को पूरा करने वाले वाहनों का ही संचालन किया जाए, अन्यथा ऐसे वाहनों को तत्काल सीज किया जाए। साथ ही अभियान चलाकर ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन संचालन और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान व सीज की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को सड़क मरम्मत और सड़क सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। रिंग रोड पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था ने अवगत कराया कि वहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कर दी गई है।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार (वि०/रा०), मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई. के. राय, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राजेश कुमार, ट्रैफिक पुलिस, एनएचआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


