धराव गांव में विकास कार्यों की स्थलीय जांच संपन्न, रिपोर्ट का इंतजार

मनरेगा, शौचालय, स्ट्रीट लाइट व रिबोर कार्यों में अनियमितताओं की जांच

चंदौली/धानापुर।
धानापुर विकास खंड अंतर्गत धराव ग्रामसभा में विकास कार्यों को लेकर लंबे समय से लगाए जा रहे अनियमितताओं के आरोपों की मंगलवार को स्थलीय जांच कराई गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर नामित जांच अधिकारी एआर कोआपरेटिव श्रीप्रकाश उपाध्याय तथा जल निगम के मोहित पाण्डेय गांव पहुंचे, जहां शिकायतकर्ताओं एवं ग्राम प्रधान की उपस्थिति में जांच प्रक्रिया पूरी की गई।
जांच के दौरान गांव में कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन स्थिति को देखते हुए पहले से मौजूद पुलिस बल के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। जांच अधिकारियों ने विभिन्न अभिलेखों के साथ-साथ मौके पर कार्यों की स्थिति का भी अवलोकन किया। जांच अधिकारी श्रीप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि जांच से संबंधित सभी तथ्यों को संकलित कर लिया गया है और शीघ्र ही विस्तृत आख्या जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि धराव ग्रामसभा में मनरेगा योजना, शौचालय निर्माण, स्ट्रीट लाइट, हैंडपंप रिबोर, नाली एवं मार्ग निर्माण जैसे कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और गबन के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं। गांव निवासी आसीम अंसारी ने 15 सितंबर 2023 को शपथ पत्र के साथ जिलाधिकारी को शिकायत दी थी। इसके बावजूद शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उस समय की गई जांच औपचारिकता तक सीमित रही।



