वीआईपी गेट पर 51 लीटर अवैध शराब संग दो गिरफ्तार, पुराने तस्कर की फिर सक्रियता पर उठे सवाल

चन्दौली। थाना मुगलसराय क्षेत्र में वीआईपी गेट डिलक्स शौचालय के सामने चेकिंग के दौरान पुलिस ने 02 ट्राली बैग से कुल 51 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। हालांकि कार्रवाई के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि पकड़े गए आरोपियों में एक का पूर्व में भी आबकारी अधिनियम में चालान हो चुका है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा शराब तस्करी पर अंकुश के निर्देशों के क्रम में की गई इस कार्रवाई में सागर कुमार (29 वर्ष) निवासी दिघाबाटा, थाना दिघा, पटना (बिहार) तथा मनोज कुमार (36 वर्ष) निवासी परसा बाजार, थाना परसा, जिला पटना (बिहार) को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी में 180 मिली की 192 बोतल व 750 मिली की 24 बोतल सहित कुल 51 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस संबंध में थाना मुगलसराय पर मु0अ0सं0 077/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि गिरफ्तार मनोज कुमार के खिलाफ वर्ष 2018 में भी थाना मुगलसराय में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज था। ऐसे में प्रश्न यह उठ रहा है कि पूर्व में कार्रवाई के बावजूद आरोपी दोबारा कैसे सक्रिय हो गया और अवैध शराब लेकर जनपद की सीमा तक पहुंच गया।
क्षेत्र में लगातार शराब तस्करी की घटनाएं सामने आने से स्थानीय स्तर पर निगरानी और खुफिया तंत्र की सक्रियता पर भी चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए आगे क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।



