हर विकासखंड में खुलेंगे पशु औषधि केंद्र, सस्ती दवाओं से पशुपालकों को बड़ी राहत

लखनऊ।
पशुपालकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण पशु औषधियां उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश के प्रत्येक विकास खंड में पशु औषधि केंद्र खोले जाएंगे। ये केंद्र प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की तर्ज पर स्थापित किए जाएंगे।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी लखनऊ डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि केंद्रों की स्थापना से पशुओं के इलाज में लगने वाला खर्च कम होगा और समय पर दवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने बताया कि पशु औषधि केंद्र खोलने के लिए आवेदक को फार्मासिस्ट का वैध पंजीकरण, न्यूनतम 120 वर्ग फुट स्थान, तथा ड्रग सेल लाइसेंस अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। योजना के तहत प्रधानमंत्री कृषक समृद्धि केंद्र और सहकारी समितियों से जुड़े योग्य लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह योजना भारत सरकार के पशुधन स्वास्थ्य एवं बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम (LHDCP) के अंतर्गत संचालित की जाएगी। इच्छुक आवेदकों को ₹5000 शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन हेतु पोर्टल है:
👉 http://pashuaushadhi.dahd.gov.in
डॉ. सुरेश कुमार ने कहा कि पशु औषधि केंद्रों से पशुधन स्वास्थ्य में सुधार होगा और पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाया जा सकेगा।

