रनिंग रूम की व्यवस्थाओं पर डीआरएम की कड़ी नजर, कमियों पर सख्त निर्देश

पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने शनिवार को जंक्शन के आसपास स्थित विभिन्न रनिंग रूमों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, रखरखाव और स्टाफ सुविधाओं की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रनिंग रूम संख्या 555 (इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी के निकट), रनिंग रूम संख्या 556 (डिविजनल अस्पताल के समीप), रनिंग रूम संख्या 17 तथा टीटीई रनिंग रूम (डीआरएम कार्यालय के निकट) का निरीक्षण किया गया। भवन की संरचना, रसोई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय-स्नानघर, सुरक्षा प्रबंध और स्टाफ के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं की विस्तार से जांच की गई।
निरीक्षण में कुछ स्थानों पर रखरखाव व सुविधाओं के उन्नयन की आवश्यकता पाई गई, जिस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रनिंग स्टाफ को बेहतर विश्राम सुविधा मिलना रेल संरक्षा से सीधे जुड़ा विषय है, इसलिए व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

