उत्तर प्रदेशचंदौलीपीडीडीयू नगर

डीडीयू नगर में अलाव ना जलने से जन आक्रोश, कूड़ा टायर जलाने को लोग मजबूर

चंदौली। ठंड का प्रकोप बढ़ने के साथ ही जनपद चंदौली के डीडीयू नगर क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था न होने से आमजन में भारी नाराजगी देखी जा रही है। नगर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव न जलने के कारण लोग ठंड से बचने के लिए मजबूरन कूड़ा-करकट और पुराने टायर जला रहे हैं, जिससे न केवल प्रदूषण बढ़ रहा है बल्कि आगजनी की आशंका भी बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में हर वर्ष सर्दी के मौसम में अलाव जलाने की व्यवस्था की जाती रही है, लेकिन इस बार जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते हालात बदतर हो गए हैं। विशेषकर सर्कस मोड़, रेलवे क्षेत्र, बस स्टैंड के आसपास और बाजार इलाकों में रात के समय ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। रिक्शा-चालक, ठेला-पटरी दुकानदार, राहगीर और रात में ड्यूटी करने वाले कर्मचारी सबसे अधिक प्रभावित हैं।

निवासियों ने बताया कि नगर के अध्यक्ष सोनू किन्नर से कई बार अलाव जलवाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि सर्कस मोड़ जैसे प्रमुख स्थान पर अलाव जलाना अनिवार्य है, क्योंकि यहां देर रात तक आवागमन बना रहता है। अलाव न होने से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।

आक्रोशित लोगों ने नगर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द ही अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो जनस्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। कूड़ा और टायर जलाने से निकलने वाला जहरीला धुआं सांस की बीमारियों को बढ़ावा दे रहा है, जिसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?

स्थानीय नागरिकों ने नगर अध्यक्ष सोनू किन्नर और नगर पालिका प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सभी प्रमुख स्थानों पर नियमित रूप से अलाव जलवाने की मांग की है, ताकि लोगों को ठंड से राहत मिल सके और प्रदूषण पर भी रोक लगाई जा सके। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए भी मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button