रेल- जिला प्रशासन समन्वय की शुरुआत, डीडीयू जंक्शन की समस्याओं पर सझा मंथन

पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल, पूर्व मध्य रेल और चंदौली जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से प्रथम समन्वय बैठक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार ने की। इसमें मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम (जे)/अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पीडीडीयू नगर राजीव मोहन सक्सेना, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी बाल गोविन्द तथा नगरपालिका के एसएफआई शत्रुंजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में डीडीयू जंक्शन पर प्रवेश–निकास व्यवस्था को सुगम बनाने पर विशेष चर्चा हुई। संकीर्ण प्रवेश द्वार और गैर-यात्रियों के अवरोध से यात्रियों को होने वाली असुविधा पर चिंता जताई गई। मुख्य सड़कों पर स्पष्ट साइनेज लगाने, स्टेशन तक पहुंच मार्ग को व्यवस्थित करने और यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने के सुझाव सामने आए।
रेलवे भूमि पर अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण, कॉलोनियों के आसपास अवैध नाली निर्माण, सट्टी के निकट मुख्य नाली की सफाई, कचरा डंपिंग की समस्या तथा स्वच्छता प्रबंधन जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। भीड़भाड़ के समय जंक्शन क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिला प्रशासन से समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी। रेलवे क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या के प्रभावी समाधान पर भी चर्चा की गई।
बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने नियमित समन्वय बनाए रखने और रेल क्षेत्र तथा आसपास के इलाकों से जुड़े मुद्दों के समाधान हेतु संयुक्त प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की।


