“बिना टिकट सफर महंगा” पड़ा सघन जांच में 1737 यात्री धाराएं, 10.45 लाख जुर्माना वसूला

डीडीयू
बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए डीडीयू मंडल द्वारा मंगलवार को डीडीयू जंक्शन, गया, डेहरी ऑन सोन और सासाराम स्टेशनों पर एक साथ सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। टिकट चेकिंग स्टाफ और सुरक्षा बल की संयुक्त टीमों ने प्लेटफॉर्म, पैदल पुल, प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ ट्रेनों में भी यात्रियों के टिकट की जांच की।
अभियान के दौरान 1737 यात्री बिना टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करते पकड़े गए। इनसे जुर्माने के रूप में लगभग 10 लाख 45 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। सघन जांच के चलते टिकट काउंटरों पर सामान्य से अधिक भीड़ भी देखी गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट काउंटर, रेलवे की वेबसाइट, रेलवन मोबाइल ऐप और एटीवीएम के माध्यम से टिकट लेना आसान बनाया गया है। बिना टिकट यात्रा करना दंडनीय अपराध है।


