
जनपद चन्दौली
उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुसार पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों में कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-5.0 के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान समस्त थानों की एंटी रोमियो टीम द्वारा बाजारों, कस्बों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान के संबंध में जानकारी दी तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता से अवगत कराया।
जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन एवं सखी निवास योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इसके साथ ही घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 (संशोधित 1986) तथा गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994 के प्रमुख प्रावधानों से भी आमजन को अवगत कराया गया।
इस दौरान थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के कार्य, उद्देश्य तथा वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के संबंध में भी महिलाओं व बालिकाओं को विस्तृत जानकारी दी गई।


