
चन्दौली, महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए जनपद चन्दौली में 15 फरवरी 2026 को रात्रि 02:00 बजे से रात्रि 20:00 बजे तक विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई प्रमुख तिराहों और चौराहों पर भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
चकिया तिराहा (गंजी प्रसाद तिराहा) से किसी भी प्रकार के ऑटो, टोटो, भारी वाहन, मालवाहक एवं चार पहिया वाहन कस्बा मुगलसराय होते हुए पड़ाव की ओर नहीं जाएंगे। वाराणसी जाने वाले वाहनों को गोधना मोड़ से रामनगर या रिंग रोड के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
पड़ाव चौराहा से भारी एवं मालवाहक वाहन राजघाट वाराणसी की ओर नहीं जा सकेंगे। वाराणसी की ओर जाने वाले वाहन बहादुरपुर होते हुए रिंग रोड या रामनगर मार्ग का प्रयोग करेंगे।
एफसीआई तिराहा से सभी भारी व मालवाहक वाहनों का पड़ाव की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाराणसी जाने वाले वाहनों को व्यासनगर होते हुए शाहूपुरी रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जहां से पीएससी तिराहा होकर रामनगर के रास्ते आगे बढ़ेंगे।
इसके अलावा, यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में कोयला मंडी क्षेत्र से ट्रकों का आवागमन पड़ाव चौराहे की ओर पूरी तरह रोक दिया जाएगा।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


