डिजिटल मोड में होगी जनगणना- 2027, जिला स्तरीय समिति का प्रशिक्षण संपन्न

चंदौली, 27 फरवरी 2026। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति का पहला प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 1872 से प्रारंभ हुई जनगणना की यह 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी। इस बार संपूर्ण प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से मोबाइल ऐप और पोर्टल के जरिए संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को तकनीकी दक्षता बढ़ाने, डाटा की शुद्धता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य के लिए दो मास्टर ट्रेनर एवं 66 फील्ड ट्रेनर तैयार किए जा चुके हैं। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की सूची का डिजिटल संधारण पूर्ण कर लिया गया है, जिससे CMMS पोर्टल पर पदाधिकारियों का डाटाबेस अपलोड करने की प्रक्रिया तीव्र एवं सुव्यवस्थित हो सके।
जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधि मनोज द्वारा समिति को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी — प्रथम चरण में भवन गणना तथा द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी।
बैठक में उप जिलाधिकारीगण, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी), जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अपर जिला सूचना अधिकारी उपस्थित रहे।


