झपटमार गिरोह पकड़ने का दावा, लेकिन सवाल- इतनी घटनाओं के बाद जागी पुलिस?

चन्दौली। मुगलसराय क्षेत्र में लगातार हो रही मोबाइल झपटमारी और चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने एक गिरोह को पकड़ने का दावा किया है। तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी और दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 17 मोबाइल फोन, एक मंगलसूत्र, 23 हजार रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं।
कार्रवाई औद्योगिक क्षेत्र की ओर पराग डेयरी मार्ग पर की गई, जहां संदिग्धों को रोकने की कोशिश में वे भागने लगे और घेराबंदी कर पकड़े गए। पूछताछ में शादी समारोह से बैग चोरी, रास्ते में मोबाइल झपटमारी और जीटी रोड पर राहगीर से मोबाइल छीनने की घटनाएं कबूल करने की बात कही गई है।
हालांकि सवाल यह भी उठ रहे हैं कि 10 फरवरी से 24 फरवरी के बीच अलग-अलग स्थानों पर वारदातें होती रहीं, लेकिन पुलिस को गिरोह तक पहुंचने में इतना समय क्यों लगा? क्या क्षेत्र में लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं पर पहले से प्रभावी निगरानी नहीं थी?
बरामद सामान को विभिन्न मुकदमों से जोड़ते हुए पुलिस ने विधिक कार्रवाई की बात कही है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र और बाजारों में गश्त और सख्ती पहले होती तो शायद कई लोग झपटमारी का शिकार होने से बच जाते।
फिलहाल पुलिस आगे की जांच की बात कह रही है, वहीं क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा भी तेज हो गई है।



