मनियारपुर में डॉ. अम्बेडकर की टूटी प्रतिमा पर आक्रोश, रोहित तिवारी ने SDM को सौंपा ज्ञापन–

चन्दौली —

दोषियों पर कार्रवाई और प्रतिमा के पुनर्निर्माण की मांग, कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
चन्दौली जनपद के सकलडीहा तहसील क्षेत्र के मनियारपुर ग्राम सभा में भारत रत्न एवं भारतीय संविधान के निर्माता भीम राव अंबेडकर की टूटी प्रतिमा को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर ग्राम सभा मनियारपुर निवासी रोहित तिवारी ने तहसील दिवस के अवसर पर उपजिलाधिकारी (SDM) सकलडीहा को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द प्रतिमा के पुनर्निर्माण और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि गांव में स्थापित डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। काफी समय बीत जाने के बावजूद अभी तक न तो प्रतिमा का पुनर्निर्माण कराया गया है और न ही दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई है, जिससे गांव के लोगों में भारी नाराजगी है।
रोहित तिवारी ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर कुछ लोग केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें प्रतिमा के सम्मान से कोई मतलब नहीं है, बल्कि वे केवल वोट की राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा का जल्द से जल्द सम्मानपूर्वक पुनर्निर्माण कराया जाए।
रोहित तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



