गांजा बरामदगी पर उठे सवाल, 470 ग्राम के साथ एक गिरफ्तारी पर पुलिस की कार्रवाई चर्चा में

थाना अलीनगर, जनपद चन्दौली
चंदौली- थाना अलीनगर पुलिस द्वारा 470 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक व्यक्ति की गिरफ्तारी का मामला सामने आया है, लेकिन इस कार्रवाई को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान मानसरोवर पोखरे के पास से एक अभियुक्त को पकड़ा गया, जबकि स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि इतनी छोटी मात्रा में कार्रवाई दिखाकर बड़े नेटवर्क पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त आत्माराम सिंह पुत्र दूधनाथ सिंह निवासी घरचित थाना सकलडीहा है, जिसके पास से 470 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस संबंध में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 196/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बिहार से गांजा लाकर बेचने की बात स्वीकार की है, जिससे यह भी संकेत मिलता है कि जिले में बाहरी राज्यों से मादक पदार्थ की सप्लाई का नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। हालांकि, सवाल यह उठता है कि अगर सप्लाई चेन इतनी सक्रिय है तो बड़े तस्करों तक पुलिस क्यों नहीं पहुंच पा रही है।
सूत्रों की मानें तो क्षेत्र में लंबे समय से गांजा बिक्री की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन इस पर प्रभावी और व्यापक कार्रवाई नहीं हो पाई है। ऐसे में इस तरह की छोटी बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है।
फिलहाल पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन यह देखना होगा कि क्या इस मामले में आगे बड़े नेटवर्क का खुलासा हो पाता है या नहीं।



