संचारी रोग अभियान फेल, मच्छरों के आतंक से डीडीयू नगर त्रस्त

डीडीयू नगर में सरकार द्वारा चलाया जा रहा संचारी रोग नियंत्रण अभियान जमीनी स्तर पर पूरी तरह फेल नजर आ रहा है। शहर के विभिन्न मोहल्लों और गलियों में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से प्रभावी कदम उठाए जाते नहीं दिख रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका केवल मुख्य मार्गों, खासकर जीटी रोड पर ही दवा का छिड़काव कर औपचारिकता पूरी कर रही है और अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि असल जरूरत गलियों और मोहल्लों में है, जहां गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रजनन तेजी से हो रहा है। इन क्षेत्रों में न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही दवा का छिड़काव किया जा रहा है।
मोहल्लों में जगह-जगह कूड़े के ढेर और नालियों की सफाई न होने से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
बढ़ते मच्छरों के कारण डेंगू, मलेरिया और अन्य संचारी रोगों का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल दिखावे के बजाय जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई की जाए, नियमित साफ-सफाई कराई जाए और हर मोहल्ले में दवा का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।



