बिना मान्यता 12वीं तक कक्षाएं संचालित- चार स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी

चंदौली
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर 11 अप्रैल 2026 को बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने विकास खंड सदर क्षेत्र में पांच मान्यता प्राप्त विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आलोक इंटर कॉलेज, चंदौली में कक्षा 1 से 12 तक की मान्यता के अनुरूप संचालन पाया गया। वहीं तपोवन विद्यालय, फोनिक्स स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल एवं सूर्या जूनियर हाई स्कूल, चंदौली में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इन विद्यालयों को केवल कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता है, लेकिन यहां कक्षा 9 से 10 व 12 तक की कक्षाएं भी संचालित की जा रही थीं।
जांच में यह भी सामने आया कि कक्षा 9 से 12 के छात्र नामांकन अन्य विद्यालयों में होने के बावजूद इन अनाधिकृत कक्षाओं में अध्ययन कर रहे थे। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधक/प्रधानाध्यापक संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चारों विद्यालयों को कड़ी चेतावनी देते हुए केवल मान्यता प्राप्त कक्षाओं का ही संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नोटिस जारी करने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। भविष्य में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
