महिला चिकित्सालय में 6 माह से रेडियोलॉजिस्टि गायब अल्ट्रासाउंड सेवा ठप– सीएमओ एसीएमओ पर उठे सवाल

चंदौली/मुगलसराय। राजकीय महिला चिकित्सालय मुगलसराय में पिछले लगभग छह महीनों से रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर की तैनाती न होने से अल्ट्रासाउंड जांच पूरी तरह ठप पड़ी है। इससे गर्भवती महिलाओं समेत अन्य मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा न होने के कारण पहले मरीजों को बाहर से जांच कराने की व्यवस्था थी, लेकिन वर्तमान में वह विकल्प भी बंद हो गया है। ऐसे में दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को निजी केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है, जहां उन्हें महंगी जांच करानी पड़ती है।
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं। लोगों का आरोप है कि सीएमओ और एडिशनल सीएमओ की लापरवाही के चलते महीनों से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती कर अल्ट्रासाउंड सेवा बहाल करने की मांग की है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके। वहीं, इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है।



