उज्ज्वला योजना में गड़बड़ी का आरोप, सक्रिय नाम के बावजूद कनेक्शन नहीं- गैस एजेंसी पर सवाल

जनपद चंदौली के ग्राम भगवारा निवासी खैरुन्निसा ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वर्ष 2020 से अब तक वह गैस कनेक्शन के लिए लगातार कार्यालयों के चक्कर काट रही हैं, जबकि ऑनलाइन पोर्टल पर उनका नाम सक्रिय (Active) दिख रहा है।
पीड़िता के अनुसार, सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद आज तक उन्हें गैस कनेक्शन नहीं मिला। आरोप है कि नियमताबाद क्षेत्र में सुरौली स्थित इंडेन गैस कंपनी की आनंद गैस एजेंसी स्तर पर गड़बड़ी करते हुए उनके नाम पर जारी कनेक्शन किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया गया, जिसके कारण वह वर्षों से भटकने को मजबूर हैं।
इस संबंध में जब जिला पूर्ति अधिकारी से टेलिफोनिक वार्ता की गई तो उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया, किंतु अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लंबे समय से समाधान न मिलने के कारण पीड़िता निराश हो चुकी हैं।
मामला प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी उज्ज्वला योजना से जुड़ा होने के कारण सवाल उठ रहे हैं कि अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।
