
चंदौली भारत सरकार ने कृषि क्षेत्र में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एआई-आधारित राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली (एनपीएसएस) लॉन्च की है। यह उन्नत तकनीक पर आधारित प्रणाली एकीकृत कीट प्रबंधन को वैज्ञानिक आधार प्रदान करेगी और किसानों को कीटों व रोगों की पहचान तथा उनके प्रभावी नियंत्रण में सहायता देगी।

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि यह ऐप विशेष रूप से किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और प्रसार कार्यकर्ताओं के लिए तैयार किया गया है। उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने भी किसानों को इस ऐप के उपयोग की अनुशंसा की है। जनपद के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस प्लेटफॉर्म का लाभ उठाने की अपील की गई है।
एनपीएसएस एक एआई-आधारित डिजिटल मंच है, जो किसानों को कीट नियंत्रण और प्रबंधन के लिए कृषि विशेषज्ञों से जोड़ता है। किसान अपनी फसलों में दिख रहे कीट या रोग से प्रभावित हिस्से की फोटो लेकर सीधे ऐप पर या गैलरी से अपलोड कर सकते हैं। एआई तकनीक इन तस्वीरों का विश्लेषण कर संभावित समस्या की पहचान करती है और उपयुक्त नियंत्रण उपायों के सुझाव देती है।
इस प्रणाली से किसानों को सटीक और त्वरित निदान की सुविधा मिलेगी, जिससे कीटनाशकों के अनावश्यक उपयोग में कमी आएगी और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही किसानों और कृषि विशेषज्ञों के बीच सीधा संवाद स्थापित होने से समस्याओं का समाधान भी तेजी से संभव होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल कीट प्रबंधन को प्रभावी बनाएगी, बल्कि पैदावार बढ़ाने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



