नकल पर शख्ती: बोर्ड परीक्षा में जरा सी लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई, स्टैटिक मजिस्ट्रेट जिम्मेदार

चंदौली,
माध्यमिक शिक्षा परिषद उ०प्र० प्रयागराज की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक जनपद के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होंगी। प्रथम पाली प्रातः 8:30 से 11:45 बजे तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 से 5:15 बजे तक संचालित होगी।
परीक्षाओं को नकलविहीन, शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। रेवसा आईटीआई सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निर्देशानुसार प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की संयुक्त उपस्थिति में प्राप्त कर स्ट्रांग रूम की डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखे जाएंगे। स्ट्रांग रूम की चाबी स्टैटिक मजिस्ट्रेट की अभिरक्षा में रहेगी। प्रत्येक बार स्ट्रांग रूम व डबल लॉक खोलने एवं सील करने की कार्यवाही तीनों अधिकारियों की मौजूदगी में ही होगी और उसका विवरण लॉग बुक में दर्ज किया जाएगा।
डबल लॉक व्यवस्था के तहत एक चाबी केंद्र व्यवस्थापक तथा दूसरी वाह्य केंद्र व्यवस्थापक के पास रहेगी। आपात स्थिति में ही स्टैटिक मजिस्ट्रेट के पास सुरक्षित डुप्लीकेट चाबी का उपयोग किया जाएगा, जिसकी सूचना विस्तृत विवरण सहित जिला विद्यालय निरीक्षक को देना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा प्रारम्भ होने से कम से कम एक घंटे पूर्व केंद्र पर उपस्थित रहें। प्रश्नपत्र खोलने की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी तथा उस समय किसी के पास एंड्रॉयड मोबाइल नहीं रहेगा। स्ट्रांग रूम में मोबाइल फोन के साथ प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक पाली के बाद रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

