क्राइमचंदौली

साइबर ठगी के म्यूल अकाउंट रैकेट का भंडाफोड़, तीन सातिर गिरफ्तार

चन्दौली।

साइबर सेल, जनपद चन्दौली ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कोयला मंडी, मुगलसराय क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम, सिम कार्ड व मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सूचना के आधार पर साइबर सेल टीम ने कोयला मंडी क्षेत्र में छापा मारकर ऐसे लोगों को पकड़ा जो फाइनेंस कंपनी के नाम पर लोन दिलाने व बैंक खाते खुलवाने का झांसा देकर लोगों को फंसा रहे थे। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी इन खातों को ऑनलाइन गेमिंग व साइबर फ्राड करने वालों को बेचते थे।

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को बहला-फुसलाकर उनके नाम से खाते खुलवाते, एटीएम व पासबुक अपने पास रख लेते और प्रत्येक खाते के बदले करीब ₹10,000 में इन्हें साइबर ठगों को बेच देते थे। सिम कार्ड भी उन्हीं खातों से लिंक कराए जाते थे ताकि ठगी की रकम का इस्तेमाल आसानी से हो सके। अब तक लगभग 15 खाते बेचे जाने की बात सामने आई है।

पुलिस को आरोपियों के पास से विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, आधार-पैन कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन, UPI QR कोड तथा फर्जी फाइनेंस कंपनी के प्रचार पम्पलेट बरामद हुए हैं। एक आरोपी द्वारा पहचान छिपाने के लिए आधार कार्ड में नाम-पता बदलवाने की बात भी सामने आई है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और आगे और भी खुलासे संभव हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button