24 घंटे में तीन हत्याएं करने वाला सिरफिरा बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर

चंदौली
चन्दौली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देने वाले शातिर अभियुक्त को संयुक्त पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। एसओजी, अलीनगर पुलिस, सकलडीहा पुलिस एवं जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में अभियुक्त गुरप्रीत सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अभियुक्त ने 10 मई को डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में जमानिया निवासी मंगरू की गोली मारकर हत्या की थी। इसके बाद 11 मई की रात जम्मूतवी एक्सप्रेस में एक अन्य यात्री की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं सोमवार सुबह अलीनगर क्षेत्र स्थित जीवक अस्पताल में भर्ती लछमिना नामक महिला को भी सिर में गोली मार दी थी। अस्पताल में मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2021 में सेना से सिपाही पद से हटाया गया था। बिहार के आरा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी भी शराब की लत के कारण छूट गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से विचलित था और बिना किसी व्यक्तिगत रंजिश के रैंडम तरीके से लोगों को निशाना बना रहा था।
घटनास्थल का पुनर्निर्माण कराने के दौरान सकलडीहा क्षेत्र में आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। इसके बाद संयुक्त पुलिस टीम ने कॉम्बिंग शुरू की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के सीने में गोली लगी। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रिवाल्वर, कारतूस, तीन खोखा और बैरल काटकर छोटी की गई डीबीबीएल गन बरामद की है। पुलिस के मुताबिक हथियार लाइसेंसी प्रतीत हो रहे हैं। आरोपी के खिलाफ अलीनगर व जीआरपी डीडीयूनगर थानों में हत्या के मुकदमे दर्ज थे।