सिक्स लेन सड़क निर्माण में सैकड़ो टन सरिया घोटाला, अधिकारी कार्यादायी संस्था की मिली भगत से मानको की उड़ी धज्जियां -संतोष पाठक

नगर में सिक्स लेन सड़क निर्माण को लेकर चल रहे आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितताओं और बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सिक्स लेन सड़क निर्माण में 16 एमएम लोहे की सरिया का प्रयोग अनिवार्य होता है, ताकि सड़क धंसने से बची रहे, लेकिन वर्तमान निर्माण कार्य में मानकों की खुली अनदेखी की जा रही है।
संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने बताया कि मानकों की पुष्टि के लिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से सड़क निर्माण की एमबी बुक उपलब्ध कराने की मांग की थी। बार-बार आग्रह, आंदोलन और अनशन के बावजूद भी पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा न तो एमबी बुक उपलब्ध कराई गई और न ही दिखाने की अनुमति दी गई। इससे स्पष्ट होता है कि कार्यदायी संस्था, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की मिलीभगत से सैकड़ों टन लोहे की सरिया का भुगतान कागजों में दिखाकर हजम कर लिया गया है।
इस मौके पर विकास प्राधिकरण एवं लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी संतोष ओझा ने दावा किया कि सिक्स लेन सड़क निर्माण में 16 एमएम सरिया का प्रयोग तकनीकी रूप से आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बनारस के नटिनियादाई क्षेत्र में इसी मानक के अनुसार सड़क निर्माण कराया था, जिसमें 16 एमएम सरिया का पूरा उपयोग किया गया था।
वहीं अजय यादव गोलू ने इसे एक बड़ा भ्रष्टाचार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। पिंटू सिंह राजपूत ने कहा कि इस गंभीर प्रकरण पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों, कार्यदायी संस्था और संबंधित जनप्रतिनिधियों को जनता के सामने जवाब देना चाहिए।
संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच मुख्यमंत्री से कराए जाने की मांग की है।
इस अवसर पर संतोष कुमार पाठक एडवोकेट, पिंटू सिंह राजपूत, अजय यादव गोलू, संतोष ओझा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



