महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने जनपद भ्रमण के दौरान विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षण

चंदौली/दिनांक 17 नवम्बर 2025
उ०प्र० राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने जनपद भ्रमण के दौरान 15 नवंबर को देर शाम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदर का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने, साफ-सफाई और स्टाफ की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने राजकीय बाल गृह की दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण कर बच्चों का कुशलक्षेम जाना तथा गोद लिए जाने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विधिक कार्रवाईयां समयबद्ध ढंग से पूरी कराई जाएं और लीगल फ्री होने के बाद शिशुओं की गोद प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जाए। निरीक्षण के दौरान रजिस्टर का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए गए। बाल गृह में 15 शिशु निवासरत पाए गए जिनका स्वास्थ्य संतोषजनक मिला।
उपाध्यक्ष ने ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, रजिस्टरों, पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध सुविधाओं तथा किचन में बनने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित महिलाओं को समय पर आवश्यक सहयोग और सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
वृद्ध आश्रम में निरीक्षण के दौरान वृद्धजनों की स्वास्थ्य सेवाएं, आवासीय व्यवस्था, भोजन, पानी की गुणवत्ता और स्वच्छता की विस्तार से जांच की गई। कुछ कमियों को चिह्नित करते हुए संबंधित विभाग को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही वृद्धजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और समाधान का आश्वासन दिया गया।
जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ महिला विभाग की योजनाओं—मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, निराश्रित महिला पेंशन, स्वयं सहायता समूहों और वन स्टॉप सेंटर—की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से मिले और जनजागरूकता बढ़ाई जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित संबंधित स्टाफ मौजूद रहा।


