मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सेल टेक्स अधिकारी रिश्वत लेते कैमरे में कैद, वीडियो वायरल

वाराणसी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से एक ऐसा चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ सेल टैक्स विभाग बल्कि पूरे सरकारी सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर सेल टैक्स विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हो गया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।https://youtube.com/shorts/8grX5sh556k?si=FGhF4DLXzEfVoOh1
वायरल वीडियो में वाराणसी सेल टैक्स कार्यालय में तैनात चंदौली रेंज के सीटीओ रैंक के अधिकारी प्रदीप उपाध्याय एक व्यापारी से खुलेआम रिश्वत की मांग करते और लेते हुए साफ नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अधिकारी ने एक छोटे से काम के एवज में पहले 12 हजार रुपये की मांग की। व्यापारी द्वारा तत्काल पैसे न होने की बात कहने पर अधिकारी ने एटीएम से पैसा निकालने तक की सलाह दे डाली।
वीडियो के मुताबिक व्यापारी ने पहले दिन मजबूरी में 4 हजार रुपये दिए और शेष रकम अगले दिन देने का वादा किया। अगले दिन जब व्यापारी सेल टैक्स कार्यालय पहुंचा तो अधिकारी ने मांग बढ़ाकर 15 हजार रुपये कर दी। व्यापारी के विरोध करने पर किसी तरह मामला 12 हजार रुपये में तय हुआ और पैसे ले लिए गए।
मगर भ्रष्टाचार की हद तो तब पार हो गई, जब अधिकारी ने अपने सामने ही अकाउंटेंट को 2 हजार रुपये और चपरासी को 100 रुपये देने का निर्देश दिया और रिश्वत की रकम खुलकर बांटी गई। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद सेल टैक्स विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है। सूत्रों का दावा है कि वाराणसी सेल टैक्स विभाग में यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि व्यापारियों से खुलेआम घूस मांगी जाती है और रकम न देने पर उन्हें जांच, नोटिस और परेशानियों के नाम पर प्रताड़ित किया जाता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति की बात करते हैं, तो फिर उनके ही क्षेत्र में ऐसे अधिकारी बेखौफ होकर रिश्वत कैसे ले रहे हैं?
क्या ऐसे भ्रष्ट अधिकारी कभी कानून की गिरफ्त में आएंगे, या यूं ही जनता की गाढ़ी कमाई पर डाका डालते रहेंगे?


