
चन्दौली- होली पर्व के दृष्टिगत अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में थाना अलीनगर पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्यवाही में 01 ट्रक वाहन से 1028 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (कुल 9199.8 लीटर) बरामद कर 01 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
दिनांक 02.03.2026 को गौधना चौराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा NH-19 स्थित सिन्घीताली पुल के पास वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ट्रक संख्या RJ14GL7458 को रोका गया। ट्रक चालक द्वारा पुलिस टीम को देखकर वाहन को कतार से हटाकर पुलिसकर्मियों की ओर तेज गति से बढ़ाते हुए भागने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस टीम ने सतर्कता व घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
ट्रक की तलाशी लेने पर 30 बोरी आलू व 50 बोरी चावल की भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 1028 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिन पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था। बरामद शराब की कुल मात्रा 9199.8 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई है। अभियुक्त के कब्जे से ₹1200 नगद व 02 मोबाइल फोन भी बरामद हुए। वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मल्लाराम पुत्र वागाराम निवासी ग्राम रानी गांव कल्ला थाना सदर बाड़मेर जिला बाड़मेर राजस्थान उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि पंजाब से सस्ते दाम पर शराब लाकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने की योजना थी तथा होली के मद्देनजर अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से तस्करी की जा रही थी।
इस संबंध में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 139/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 60/63 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।



