चंदौलीपुलिस

हेलमेट बैंक की अनोखी पहल, 6 ने लौटाया भरोसा

चन्दौली में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने “ऑपरेशन ट्रैवल सेफ” के तहत एक नई और सराहनीय पहल शुरू की है। हेलमेट न पहनकर चलने वाले दोपहिया चालकों का केवल चालान करने के बजाय उन्हें रोककर मौके पर हेलमेट पहनाया गया और सुरक्षित सफर का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह और प्रभारी यातायात सत्य प्रकाश यादव स्वयं टीम के साथ सड़क पर उतरे। अभियान के दौरान 50 दोपहिया चालकों को अपने हाथों से हेलमेट पहनाया गया। जिन लोगों को हेलमेट उपलब्ध कराया गया, उनका नाम, मोबाइल नंबर, पता और आईडी विवरण दर्ज किया गया, ताकि वे हेलमेट बैंक में इसे वापस कर सकें।

इस अभियान के तहत “हेलमेट बैंक” की व्यवस्था की गई है, जिसे फिलहाल चकिया तिराहा और गोधना चौराहा जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संचालित किया जा रहा है। पहल का सकारात्मक असर भी सामने आया, जब 6 व्यक्तियों ने नया हेलमेट खरीदकर पूर्व में लिया गया हेलमेट वापस कर भरोसा कायम किया।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना, मोबाइल फोन पर बात करते हुए ड्राइविंग और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन जैसी लापरवाहियों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि हेलमेट केवल जुर्माने से बचने का साधन नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा की ढाल है।

यातायात पुलिस ने अपील की है कि सभी दोपहिया चालक आईएसआई मार्क वाला हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें और यातायात नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Call Now Button