गांजा तस्करी का खुलासा, 1 किलो 15 ग्राम बरामद एक गिरफ्तार

चन्दौली। धानापुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 किलो 15 ग्राम गांजा बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में टीम ने किशुनपुरा रास्ते के पास एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान दुक्खू राम उर्फ हरिश्चन्द्र राम (61 वर्ष) निवासी हिंगुतरगढ़, थाना धानापुर के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर सीतापोखरी (धरांव) स्थित एक पान की गोमटी के पीछे से कुल 1 किलो 15 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह नशे का आदी है और पुड़िया बनाकर 30 से 60 रुपये में गांजा बेचता था। इस काम में एक अन्य व्यक्ति के सहयोग की बात भी सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया गया कि अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।



