नहर में गंदा पानी बहाने का मामला गरमाया, प्रधान पर गंभीर आरोप
चंदौली (सकलडीहा): सकलडीहा क्षेत्र के मनियारपुर-बभनपुरा गांव में सिंचाई नहर में गंदा पानी और कचरा बहाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों में इसको लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सकलडीहा राजवाहा के डैना माइनर से रैपुरा तक जाने वाली सिंचाई नहर में एक व्यक्ति द्वारा अपने घर का गंदा पानी और कचरा नाली के माध्यम से डाला जा रहा है। आरोप है कि इस कार्य के लिए पक्की नाली भी बनवाई गई है, जिससे लगातार नहर का पानी प्रदूषित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह काम गांव के प्रधान द्वारा कराया गया है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है। लोगों का आरोप है कि आखिर सिंचाई विभाग के जेई (J.E.) इस पूरे मामले में अब तक चुप क्यों हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई है कि कहीं इस कार्य में ब्लॉक के कुछ अधिकारी भी शामिल तो नहीं हैं, क्योंकि पक्की नाली के निर्माण में सरकारी धन के उपयोग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस संबंध में ग्रामीण अनुराग कुमार ने अधिशासी अभियंता (XEN) को लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि नहर का पानी प्रदूषित होने से किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों की मांग है कि नहर में गंदा पानी बहाने की व्यवस्था को तुरंत बंद कराया जाए, मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल प्रदूषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।

